
आरोपी ने फिर अगवा किया, मां ने न्याय की गुहार लगाई
सुल्तानपुर। कुड़वार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के बार-बार अपहरण का मामला सामने आया है। इस घटना से आहत होकर लड़की के पिता ने आत्महत्या कर ली थी। अब आरोपी ने एक बार फिर नाबालिग का अपहरण कर लिया है, जिसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस प्रशासन से न्याय और बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।कुड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला अवनीश सिंह (पुत्र स्वर्गीय पप्पू लाल सिंह) उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के संपर्क में था। अवनीश पिछले छह महीनों में कई बार उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था, जिसे परिजन वापस ले आए थे।लगभग एक महीने पहले, आरोपी अवनीश नाबालिग को फिर से भगा ले गया था। इस घटना से व्यथित होकर लड़की के पिता वीरेंद्र ने कुड़वार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, सामाजिक दबाव और गहरे मानसिक तनाव के कारण, वीरेंद्र ने 7 मई की रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि 18 मई की शाम करीब 4 बजे आरोपी अवनीश सिंह ने दोबारा नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया। तब से लड़की का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे पीड़ित मां और परिवार के अन्य सदस्यों का बुरा हाल है।पीड़िता की तहरीर पर कुड़वार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक दिनेश कुमार यादव को मामले की विवेचना सौंपी गई है। पुलिस ने नाबालिग की बरामदगी और आरोपी अवनीश सिंह की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित कर दबिश देना शुरू कर दिया है।