
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर देखने को मिल रहा है। यहां पेट्रोल के दाम में 2 रुपए 76 पैसे और डीजल के दाम में 3 रुपए 1 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद पेट्रोल का नया रेट 96.99 रुपए प्रति लीटर और डीजल का रेट 90.25 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को तीन दिन का स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। तय व्यवस्था के अनुसार डीजल 500 लीटर और पेट्रोल 5 हजार रुपए तक दिया जाएगा। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश सिंह ने बताया कि यह फैसला ग्राहकों को दिक्कतों से बचाने के लिए लिया गया है।स्टॉक तय किए जाने के बाद शहर के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। हालांकि मथुरा में फिलहाल ईंधन की कोई कमी नहीं है और अलग-अलग कंपनियों के करीब 250 पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। गौरांग फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक रामकुमार ने बताया कि ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है। वहीं वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे लोगों ने कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक हालात प्रभावित हुए हैं और देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाए रखने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है, जबकि कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि सरकार को ऐसे फैसले चुनाव के बाद ही क्यों याद आते हैं।