
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में बुधवार देर रात बारात चढ़त के दौरान दलित और ठाकुर समुदाय के लोगों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बारात के दौरान किसी ने पत्थर फेंका, जो ठाकुर समुदाय के एक दुकानदार को लग गया। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे।सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। इस दौरान एसओ हाईवे शैलेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी नितिन सिंह और एक महिला घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। करीब आधे घंटे तक भरतपुर रोड पर यातायात प्रभावित रहा।घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस की मौजूदगी में दोनों दुल्हनों की शादी की रस्में पूरी कराई गईं।बताया गया कि बरसाना के भरनाकलां गांव से नेमचंद्र अपने बेटों अशोक और कुलदीप की बारात लेकर नरहौली गांव पहुंचे थे। रात करीब 10 बजे बारात चढ़त के दौरान विवाद शुरू हुआ।दुल्हन के भाई नाहर सिंह ने बताया कि पत्थरबाजी किसने शुरू की, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं क्षत्रिय महासभा के संरक्षक कुंवर नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने शराब के नशे में माहौल बिगाड़ा और पुलिस पर भी हमला किया।फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच की जा रही है।