
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मतदाता सूची में कथित धांधली के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। विधायक अमिताभ बाजपेई और मो. हसन रूमी ने एसआईआर के दौरान मतदाताओं के नाम काटने का आरोप लगाया। पार्टी ने मतदाता सूची में अनियमितता करने वाले अधिकारियों और बीएलओ पर कार्रवाई की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष फजल महमूद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर और कोषाध्यक्ष नंदलाल जायसवाल समेत अन्य नेताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में मृत और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने, वैध मतदाताओं के नाम बहाल करने तथा फॉर्म-6 में कथित अनधिकृत बदलाव वापस लेने की मांग की गई। पार्टी ने चुनाव में ईवीएम की जगह बैलेट पेपर या वीवीपैट का शत-प्रतिशत मिलान कराने की मांग भी रखी। प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।