
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ और रामादेवी क्षेत्र में सड़क एवं रैंप मरम्मत कार्य के चलते गुरुवार को भीषण जाम की स्थिति बन गई। निर्माण कार्य के कारण सड़क का एक हिस्सा बंद होने से वाहनों की करीब 10 किलोमीटर लंबी कतार लग गई, जिससे हजारों वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। जाम का सबसे अधिक असर टीजीटी भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों, एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों पर पड़ा। कई परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने को लेकर परेशान नजर आए, जबकि कुछ यात्रियों को उड़ान छूटने की चिंता सताती रही।राहगीरों आदर्श कुमार, विक्रम सिंह और सौम्या कुमारी ने बताया कि वे लखनऊ जा रहे थे, लेकिन भारी जाम के कारण नौबस्ता से रामादेवी पहुंचने में ही दो घंटे से अधिक का समय लग गया। सड़क पर दोपहिया, चारपहिया, बसें और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई जगहों पर वाहन चालकों और राहगीरों के बीच कहासुनी की स्थिति भी देखने को मिली।स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और पर्याप्त ट्रैफिक प्रबंधन नहीं किया गया, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में घंटों जाम में फंसे लोगों का हाल बेहाल रहा और कई लोग धूप से बचने के लिए बड़े वाहनों की छाया में खड़े दिखाई दिए।जाम की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस के साथ तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराने में जुट गई। अधिकारियों का कहना है कि सड़क और रैंप की मरम्मत आवश्यक थी तथा लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।