
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पश्चिम बंगाल चुनाव प्रवास से लौटने के बाद सांसद रमेश अवस्थी का बुधवार को सेंट्रल स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और संगठन पदाधिकारी ढोल-नगाड़ों के साथ स्टेशन पहुंचे और प्लेटफॉर्म से लेकर गेट नंबर एक तक फूलों की वर्षा व माल्यार्पण कर जोरदार अभिनंदन किया।सांसद ने इस दौरान पश्चिम बंगाल की राजनीति पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां अब “बदला नहीं, बदलाव” की राजनीति होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बम और बारूद की राजनीति का जवाब जनता ने बैलेट से दिया है। ममता बनर्जी के इस्तीफे की चर्चाओं पर उन्होंने इसे “पॉलिटिकल ड्रामा” बताया।सांसद ने दावा किया कि चाहे इस्तीफा हो या नहीं, 9 मई को भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री शपथ लेगा। अखिलेश यादव के ममता बनर्जी से मिलने पर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार की तरह बंगाल में भी वही राजनीतिक परिणाम देखने को मिला है।उन्होंने यह भी कहा कि देश की राजनीति में जो भी सनातन का विरोध करेगा, उसका सफाया तय है। सेंट्रल स्टेशन पर सांसद सुबह वंदे भारत ट्रेन से पहुंचे, जहां हजारों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। भाजपा के जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने उन्हें मालाएं पहनाईं।स्टेशन से निकलने के बाद सांसद काफिले के साथ नौबस्ता स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और बंगाल प्रवास के अनुभव साझा किए।करीब 70 दिनों के बंगाल प्रवास के दौरान उन्हें 26 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिनमें से 22 सीटों पर पार्टी को जीत मिली। इस दौरान नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जनसभाएं भी संबंधित क्षेत्रों में आयोजित हुईं।स्वागत कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों ने सांसद को 11 किलो की गदा भेंट की। उन्होंने कहा कि यह जीत अत्याचार और अनाचार के खिलाफ संदेश है। इस मौके पर कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।