
पारदर्शी विकश न्यूज़ आगरा। शमसाबाद रोड स्थित नोफरी गांव के 21 वर्षीय मुक्केबाज कुलदीप तरकर ने मलेशिया में आयोजित ट्विन इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। 57 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में उन्होंने मेजबान मलेशिया के मुक्केबाज को नॉकआउट कर चैंपियनशिप अपने नाम की।जीत के बाद रविवार सुबह आगरा कैंट स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस से उनके पहुंचने पर खेल प्रेमियों और समाजसेवियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्टेशन पर “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा और लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित किया।कुलदीप एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता छोटा व्यवसाय करते हैं और माता गृहिणी हैं। उन्होंने दो साल पहले दिल्ली में प्रशिक्षण लेकर प्रोफेशनल मुक्केबाजी की शुरुआत की थी। यह उनका दूसरा मलेशिया दौरा था।प्रेस वार्ता में कुलदीप ने कहा कि यह जीत उन्हें आगे और मेहनत करने की प्रेरणा देती है और उनका लक्ष्य देश के लिए और मेडल जीतना है। उन्होंने बताया कि आने वाले तीन महीनों में एशिया WTC चैंपियनशिप में उनकी अगली बड़ी फाइट है, जिसकी तैयारी वह लगातार कर रहे हैं।इस उपलब्धि से नोफरी गांव और पूरे आगरा में खुशी का माहौल है, वहीं कुलदीप को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा माना जा रहा है।