news-details

मकान विवाद में ट्रांसपोर्टर को बनाया बंधक

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्टर ने भाजपा पार्षद के पति के करीबी लोगों पर बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और बीच-बचाव में आई उसकी गर्भवती पत्नी के साथ भी हिंसा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि पत्नी के पेट में लात मारने से उसका गर्भपात हो गया। मामले में पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद पनकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पनकी पड़ाव निवासी ट्रांसपोर्टर निर्मल गौतम का आरोप है कि वार्ड-53 की भाजपा पार्षद नित्या बाजपेई के परिवार की ओर से उन पर मकान बेचने और पहले दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि इनकार करने पर 6 जून की सुबह करीब 8:30 बजे कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और घसीटकर एक घर में ले जाकर करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट की।निर्मल के अनुसार, शोर सुनकर उनकी करीब दो माह की गर्भवती पत्नी आरती उन्हें बचाने पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई और पेट में लात मारी गई, जिससे उनका गर्भपात हो गया।पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने उनके खिलाफ झूठी छेड़छाड़ की शिकायत भी दर्ज कराने की कोशिश की। हालांकि, घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद होने का दावा किया गया है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग ट्रांसपोर्टर को बाल पकड़कर घसीटते हुए ले जाते दिखाई दे रहे हैं।गुरुवार को निर्मल गौतम अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले के साक्ष्य प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद पनकी पुलिस ने आरोपी महेंद्र, उसके बेटे सोनूविकास और दीपू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।