
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में घाघरा नदी के किनारे काम कर रहे एक मजदूर पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। मगरमच्छ ने मजदूर का पैर अपने जबड़े में दबाकर करीब एक मिनट तक नदी की ओर खींचने की कोशिश की। शोर सुनकर साथ काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और एक साथी ने हथौड़े से मगरमच्छ के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद मगरमच्छ मजदूर का पैर छोड़कर नदी में चला गया।घटना तरबगंज थाना क्षेत्र की है। यहां भिखारीपुर सकरौर तटबंध पर बोल्डर लगाने का काम चल रहा है। सोनौली मोहम्मदपुर गांव निवासी भानु उर्फ भोलू (40) बुधवार देर शाम नदी किनारे काम कर रहा था, तभी नदी से निकले मगरमच्छ ने उसके बाएं पैर पर हमला कर दिया।घायल मजदूर को तुरंत गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। मगरमच्छ के हमले से मजदूर का पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तटबंध पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में डर का माहौल है।जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ मगरमच्छ आसपास के इलाकों में आ रहे हैं। लोगों को नदी किनारे सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इससे पहले भी इसी इलाके में मगरमच्छ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।