
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया, सलेमपुर। महादहा चौराहा स्थित मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर में मंगलवार को आयोजित श्री सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पाठ में भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया और धर्म लाभ अर्जित किया।पाठ के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक चले भंडारे में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। आयोजन समिति द्वारा भोजन, प्रसाद एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की।कार्यक्रम की सफलता में क्षेत्रवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं सेवाभाव से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी सहित दीपक सिंह, नीतन बाबा, भृगुनाथ सिंह, नवनीत उपाध्याय, जितेंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव, सुमित दुबे, नवनीत सिंह, अमित सिंह, नागेंद्र गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, बाबू लोहार, अन्नू तिवारी, उदय सिंह, राजन तिवारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, मंदिर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।