
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार मोडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हार्न के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज महाराणा प्रताप चैक पर परिवहन विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर लगे 2 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया, जबकि 07 अन्य वाहनों का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रेशर हार्न का उपयोग करने वाले 05 वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। आरटीओ प्रवर्तन उदय वीर सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। एआरटीओ परिवहन श्यामलाल ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अनधिकृत मोडिफिकेशन और प्रतिबंधित उपकरणों के उपयोग से बचें, ताकि सुरक्षित और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।