
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से दिनदहाड़े मंगलसूत्र लूट लिया। घटना एयरफोर्स गेट के अंदर घाऊखेड़ा इलाके की है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। रायपुरवा देवनगर निवासी मीनू चौरसिया ने पुलिस को बताया कि 23 मई की शाम करीब 7 बजे वह अपनी बेटी के साथ सवारी वाहन से घाऊखेड़ा स्थित अपने मामा के घर जा रही थीं। आरोप है कि हरजिंदर नगर से ही दो युवक उनकी रेकी कर रहे थे। घाऊखेड़ा के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए बदमाश महिला के करीब पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पीड़िता ने बताया कि लूटा गया मंगलसूत्र उनके लिए आर्थिक और भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण था। घटना के बाद वह काफी परेशान हैं। जावेद अहमद ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।