
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में कवरेज के दौरान महिला पत्रकार से कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस ने विजयरानी न्यूज़ के संचालक अनूप कुमार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और कैंट थाने ले गई।
महिला पत्रकार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 74, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राथमिक जांच में घटना का वीडियो महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आया है, जिसे विवेचना का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पत्रकारों में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।