
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को राजधानी के 46 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा आयोजित हुई। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी की सूझबूझ से एक युवती की परीक्षा छूटने से बच गई।युवती गलती से केकेवी (KKV) की बजाय केकेसी (KKC) परीक्षा केंद्र पहुंच गई थी। जब उसने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को अपनी समस्या बताई, तो एक महिला पुलिसकर्मी ने तुरंत अपनी स्कूटी से उसे सही परीक्षा केंद्र पहुंचाया, जिससे वह समय रहते परीक्षा में शामिल हो सकी।दूसरे दिन करीब 19 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और तीन स्तरीय सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई।परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर आसान से मध्यम रहा और अधिकांश सवाल सामान्य तैयारी वाले अभ्यर्थियों के लिए सहज थे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार निगरानी करते रहे।