news-details

महिलाओं को मिला स्वरोजगार का अवसर, फूड वेंडिंग कार्ट शुरू

You can share this post!

Pardarshi Vikas News  Unnao

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के संयुक्त प्रयास से फूड वेंडिंग कार्ट की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा किया गया, जिसमें ट्रेनी आईएएस शौर्य अरोड़ा भी मौजूद रहे।

इस योजना के तहत सखी सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ा गया है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपनी आय बढ़ा सकें। ट्रेनी आईएएस शौर्य अरोड़ा ने बताया कि इस परियोजना के लिए लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी से 2 लाख रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ था, जिससे दो फूड वेंडिंग कार्ट शुरू किए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को फिश बॉक्स और फिश नाइफ भी वितरित किए गए, जिससे वे मछली आधारित व्यवसाय आसानी से शुरू कर सकें। इस पहल के जरिए महिलाएं अब स्थानीय स्तर पर खाद्य सामग्री तैयार कर बेच सकेंगी, जिससे उनके रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही जिले में स्वरोजगार को भी बढ़ावा देंगी। प्रशासन भविष्य में इस योजना का विस्तार करने की तैयारी में है।