
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर लगातार प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हरदोई निवासी पायल (31) की शादी 11 वर्ष पूर्व कन्नौज निवासी देवी प्रताप से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से पति शराब के नशे में आए दिन मारपीट करता था। इससे परेशान होकर महिला ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।गंभीर हालत में उसे मंधना स्थित एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और हंगामा शुरू कर दिया।मृतका की बहन का आरोप है कि पायल ने कुछ समय पहले फोन पर पति द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न की जानकारी दी थी और अपनी जान को खतरा बताया था।सूचना पर पहुंची बिठूर पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।