news-details

महिला किसान ने खेत तालाब में तैयार किए डिजाइनर मोती

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। बिधनू विकासखंड के ग्राम सम्भुआ की महिला किसान रश्मि वर्मा ने खेती के साथ नवाचार अपनाकर किसानों के लिए आय बढ़ाने का नया मॉडल पेश किया है। उन्होंने खेत में बने तालाब का उपयोग केवल मत्स्य पालन तक सीमित न रखकर उसमें डिजाइनर मोती उत्पादन शुरू किया है। इस अनोखी पहल से आने वाले समय में करीब 50 लाख रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है।राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत भूमि संरक्षण अनुभाग द्वारा रश्मि वर्मा के खेत में 22 मीटर लंबा, 20 मीटर चौड़ा और तीन मीटर गहरा खेत तालाब बनाया गया। इसके लिए उन्हें 50 प्रतिशत अनुदान के रूप में अधिकतम 52,500 रुपये की सहायता डीबीटी के माध्यम से मिली। कृषि विभाग और मणि एग्रो हब से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने तालाब में लगभग 30 हजार सीपियों के माध्यम से मोती उत्पादन शुरू किया।विशेष मोल्ड तकनीक की मदद से भगवान गणेश, स्वस्तिक, पुष्प, पत्तियों और अन्य आकर्षक आकृतियों वाले डिजाइनर मोती तैयार किए जा रहे हैं। इन मोतियों की बाजार में सामान्य मोतियों की तुलना में अधिक मांग और बेहतर कीमत मिलती है। इस परियोजना में लगभग 18 से 20 लाख रुपये का निवेश किया गया है। वर्तमान में परियोजना को नौ महीने पूरे हो चुके हैं और अगले 18 महीनों में मोती पूरी तरह तैयार हो जाएंगे।रश्मि वर्मा ने दूसरे खेत तालाब में मत्स्य पालन भी शुरू किया है। यहां अब तक तीन बार मछली उत्पादन हो चुका है और इससे प्रतिवर्ष करीब चार लाख रुपये अतिरिक्त आय होने की संभावना है।परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे किसानों की आय बढ़ाने का सफल मॉडल बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य खेत तालाब लाभार्थियों को भी मोती उत्पादन और मत्स्य पालन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि जल संरक्षण के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके।