
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। जनपद में पशु रोगों के अनुसंधान, निदान एवं पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 4.08 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह धनराशि जिला योजना के तहत कार्यालय फर्नीचर एवं उपकरण, औषधि एवं रसायन तथा सामग्री एवं आपूर्ति मदों में खर्च की जाएगी। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के 75 जनपदों के लिए कुल 6 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें महोबा जनपद को फर्नीचर एवं उपकरण हेतु 0.68 लाख रुपये, औषधि एवं रसायन के लिए 2.72 लाख रुपये तथा सामग्री एवं आपूर्ति के लिए 0.68 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।पशुपालन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस धनराशि से पशु चिकित्सालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे पशुपालकों को बेहतर उपचार एवं रोग निदान सुविधाएं मिल सकेंगी। शासन ने धनराशि के उपयोग में पारदर्शिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन के निर्देश भी दिए हैं।