news-details

महोबा कांड पर कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कसया (कुशीनगर)। महोबा में दलित छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार विश्वकर्मा उर्फ राधे विश्वकर्मा ने शुक्रवार को कसया स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार पीड़ितों की आवाज उठाने वालों को रोकने में जुटी है। राधे विश्वकर्मा ने कहा कि महोबा में एक दलित छात्रा को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, लेकिन उससे मिलने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को रास्ते में रोक दिया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र का खुला हनन बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में संवैधानिक अधिकारों का लगातार दमन हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता मिलकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे हैं।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब प्रदेश अध्यक्ष की संपत्तियों की जांच कराने की बातें की जा रही हैं, जबकि उनका सार्वजनिक जीवन पूरी तरह पारदर्शी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बड़े पूंजीपतियों के हित साधने में लगी है, जबकि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को डराने और दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा किया। पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट पंचानंद मिश्रा ने कहा कि दलित महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने के बजाय अपनी छवि बचाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।राधे विश्वकर्मा ने कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उस समय स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंचती थीं। उन्होंने कहा कि आज रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों और कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाएं, क्योंकि आने वाला समय बदलाव का संकेत दे रहा है।प्रेस वार्ता में जिला कोषाध्यक्ष मोहम्मद वारिश सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।