
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बहन मायावती ने रविवार को मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ राज्यों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में तीनों प्रदेशों में जातिवादी घटनाओं में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दलित, आदिवासी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समाज की सुरक्षा, सम्मान और अस्मिता की पूर्ति के लिए बहुजन समाज को पूरी एकजुटता और मुस्तैदी के साथ चुनावी सफलता अर्जित करनी होगी।मायावती ने बताया कि बीएसपी जब-जब मजबूत हुई, तब बहुजन समाज को वास्तविक लाभ मिला। उन्होंने कहा कि सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करके ही बहुजन समाज के अच्छे दिन आ सकते हैं। उन्होंने आगामी चुनावों से पहले सरकारी प्रलोभनों से सावधान रहने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट रहने की सलाह दी।बैठक में बीएसपी के राज्य और ज़ोन स्तर के पदाधिकारियों ने पार्टी के दिशा-निर्देशों के पालन की जानकारी दी। मायावती ने उन्हें अम्बेडकरवादी मिशन को आगे बढ़ाने और जातिवादी शोषण से मुक्ति पाने के लिए लगातार संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती और बीएसपी स्थापना दिवस मिशनरी उद्देश्यों के साथ मनाने का आह्वान भी किया।