
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा । आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मेला 23 से 30 जुलाई तक गोवर्धन में आयोजित होगा।बैठक में बताया गया कि मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा के लिए अस्थायी पुलिस चौकियां, वॉच टावर, 183 सीसीटीवी कैमरे, 350 पीए सिस्टम, एलईडी व सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र, हैंडपंप, आरओ, मोबाइल टॉयलेट, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, पार्किंग, रोडवेज बसें और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को 15 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने, वॉल पेंटिंग, तिरंगा लाइटिंग, फसाड लाइटिंग और सजावट कराने के साथ मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया। विद्युत सुरक्षा, ट्रांसफार्मर फेंसिंग, जलभराव रोकने, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।एसएसपी श्लोक कुमार ने स्वास्थ्य शिविरों में डॉक्टरों की उपलब्धता, एंबुलेंस नेटवर्क, एंटी-वेनम दवाओं की व्यवस्था, सीसीटीवी व पीए सिस्टम की प्रभावी निगरानी तथा डाइवर्जन प्लान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।