news-details

मंदिरों और भंडारों में उमड़ी भक्तों की भीड़

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। आज बड़ा मंगल का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। भोर से ही बजरंगबली के मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। अलीगंज प्राचीन हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु, हनुमंतधाम, लेटे हनुमान मंदिर, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक माहौल गूंजता रहा।सुबह 4 बजे से ही मंदिरों के कपाट खुल गए थे और श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ पड़े। अलीगंज प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने गायों को प्रसाद भी खिलाया। कई श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ कर आशीर्वाद प्राप्त किया। खास बात यह रही कि एक भक्त हैदराबाद से करीब 1200 किलोमीटर की दूरी तय कर दर्शन के लिए लखनऊ पहुंचा।
शहर की गलियों और मोहल्लों में जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। दोपहर से पूड़ी-सब्जी, शर्बत और आइसक्रीम का वितरण शुरू हुआ, जहां हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। गोमतीनगर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी की ओर से भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया।चौक स्थित लेटे हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन के दौरान भक्त झूम उठे, जबकि कई स्थानों पर महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतारों में दर्शन की व्यवस्था की गई। प्रशासन और सामाजिक संगठनों की ओर से पूरे आयोजन में साफ-सफाई और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।बड़ा मंगल के इस अवसर पर पूरा लखनऊ भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया, जहां हर ओर “जय बजरंगबली” के जयकारे गूंजते रहे।