
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में बुधवार रात एक किसान की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। किसान रात का भोजन करने के बाद घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित शिव मंदिर के चबूतरे पर गया था, जहां उस पर हमला किया गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय कालीशंकर निषाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह रोजाना की तरह भोजन के बाद मंदिर गए थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि वह मंदिर के पास खून से लथपथ पड़े हैं। गंभीर हालत में उन्हें पहले कांशीराम अस्पताल और फिर हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की बड़ी बेटी निशा का कहना है कि चार दिन पहले मोबाइल पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने को लेकर गांव के युवक शुभम से विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।घटना की सूचना पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एसीपी चकेरी, महाराजपुर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।मृतक की बेटी की तहरीर पर सूरज, शुभम, सरदार, रविंदर, गामा, बेचेलाल तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।