news-details

मंदिर जा रहे दंपति पर चढ़ा ट्रक, दोनों की गई जान

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर तड़पते हुए उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने भाग रहे ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतकों की पहचान सीताराम नगर, अहिरवां निवासी नगर निगम के सेवानिवृत्त सफाई सुपरवाइजर लक्ष्मीकांत शर्मा (62) और उनकी पत्नी आशा शर्मा (56) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों शनिवार सुबह स्कूटी से सिद्धनाथ मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। सुबह करीब 10:20 बजे जाजमऊ स्थित सोलंकी धर्मकांटा के पास पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों ट्रक के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर काफी दूर तक खून फैल गया। स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई।हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोगों ने उसका पीछा कर ताड़बगिया स्थित तीन खंभे के पास वाहन रुकवा लिया। इसके बाद चालक की पिटाई कर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।कैंट एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद जाजमऊ व्यापार मंडल ने क्षेत्र में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अखलास अहमद ने कहा कि दादामियां मजार से वाजिदपुर तक कई स्थानों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।व्यापारियों ने एसीपी से मुलाकात कर अवैध पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की और आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे है, जिससे एक्सीडेंट होने का कारण सामने आ सकेगा। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।-कैंट एसीपी अमित चौरसिया