news-details

मोदी का चुनावी हमला, बोले- 4 मई को परिणाम नहीं परिवर्तन होगा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kolkata
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मथुरापुर और कृष्णानगर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने तय कर लिया है कि 4 मई को सिर्फ परिणाम नहीं, बल्कि परिवर्तन आएगा। तृणमूल कांग्रेस हारेगी और भाजपा का भरोसा जीतेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार चुनाव भाजपा या मोदी नहीं, बल्कि बंगाल की जनता लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है और जनता तृणमूल सरकार से छुटकारा चाहती है। उन्होंने कहा कि 15 साल में राज्य सरकार ने सिर्फ सिंडिकेट राज, भ्रष्टाचार और जनता को ठगने का काम किया है।

झालमुड़ी खाने को लेकर विपक्ष के तंज पर मोदी ने कहा कि झालमुड़ी मैंने खाई है, लेकिन मिर्च विपक्षियों को लग रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस बार सारे पुराने मतदान रिकॉर्ड तोड़ने जा रही है और परिवर्तन की आंधी चल रही है।

महिलाओं के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की बेटियों ने तृणमूल सरकार के शासन में सबसे ज्यादा पीड़ा झेली है। संदेशखाली, आरजी कर और महिला उत्पीड़न की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गुंडों और अपराधियों को खुला संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में महिला आरक्षण के खिलाफ वोट देकर तृणमूल ने महिलाओं के अधिकारों का विरोध किया।

कृष्णानगर की सभा में प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए 10 गारंटियों का भी ऐलान किया। इनमें हर साल आर्थिक सहायता, बेटियों की पढ़ाई के लिए मदद, महिला थानों की स्थापना, पुलिस में महिलाओं की भर्ती, गर्भवती माताओं के लिए सहायता राशि और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन जैसी घोषणाएं शामिल रहीं।

उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर शरणार्थियों को जरूरी दस्तावेज देकर नागरिकता दिलाई जाएगी। साथ ही मछुआरों की आय बढ़ाने और सीमाई सुरक्षा मजबूत करने का भी वादा किया।

प्रधानमंत्री ने तृणमूल पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 4 मई को तृणमूल की हार सिर्फ एक पार्टी की हार नहीं होगी, बल्कि भय, भ्रष्टाचार और अत्याचार की हार होगी।

बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों पर होना है, जिसके लिए सभी दलों ने प्रचार तेज कर दिया है।