
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जगदीशपुर पालपुर कस्बे में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों पर जांच अभियान चलाया। एसडीएम, फूड विभाग के एसके चौहान और पुलिस की मौजूदगी में कई दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। टीम ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने खुले में रखकर बेची जा रही मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान लिए गए नमूनों को परीक्षण के लिए भेजे जाने की बात कही गई।वहीं, कुछ दुकानदारों ने जांच अभियान को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विभाग चुनिंदा दुकानों पर ही कार्रवाई करता है। दुकानदारों ने मिठाई की आपूर्ति करने वाले कुछ लोगों पर विभाग की कथित मेहरबानी का भी आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।