
Pardarshi Vikas News Kushinagar
शासन के निर्देशानुसार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति (फेज-05) के अंतर्गत जनपद कुशीनगर में जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में मा० राज्य पिछड़ा वर्ग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा की अध्यक्षता में एक प्रभावी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर “अनंता कार्यक्रम” एवं “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” जैसे महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें छात्राओं को सीधे प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद का अवसर मिला।
विभिन्न विभागों—समाज कल्याण, गृह, खेल, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, बाल विकास पुष्टाहार, चिकित्सा एवं शिक्षा—में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 40 महिलाओं को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनके कार्यों की सराहना है, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा भी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इसके साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की गई तथा जागरूकता हेतु पम्पलेट वितरित किए गए। पुलिस विभाग ने भी महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह, परियोजना कोऑर्डिनेटर अभिषेक सिंह, काउंसलर श्रीमती रीता यादव सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा किया गया।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुआ, जिसने न केवल जागरूकता बढ़ाई बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित भी किया।