news-details

मौसम ने बदला मिजाज, 5 जून तक आंधी-बारिश के आसार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS सोमवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। शहर में आसमान पर बादलों का डेरा रहा और हल्की हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने 5 जून तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।रविवार को हुई बारिश के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि पिछले दिनों की तुलना में गर्मी का असर कम हुआ है, लेकिन नमी बढ़ने से उमस महसूस की जा रही है।रविवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया था। तेज धूप के बीच बादल छाए और करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को राहत मिली।शुक्रवार रात आए तेज तूफान का असर अभी भी शहर में देखने को मिल रहा है। करीब 103 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और होर्डिंग गिर गए थे, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ था। तूफान और बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। दोपहर के समय बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रुकने की अपील की है।