
जलभराव और सड़क धंसने से मचा हड़कंप
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। देर रात से दोपहर तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। लगातार बारिश के कारण सड़कें और गलियां तालाब जैसी नजर आने लगीं, जबकि कई इलाकों में पानी घरों और दुकानों तक पहुंच गया। जलभराव से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।सबसे गंभीर स्थिति जाजमऊ क्षेत्र में देखने को मिली, जहां वीआईपी रोड का एक हिस्सा धंस गया और करीब 18 फीट गहरा गड्ढा हो गया। सड़क का पानी लगातार इस गड्ढे में जाता रहा। हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क की एक लेन पर आवागमन रोक दिया।सर्वोदय नगर आरटीओ रोड पर भी भारी जलभराव के कारण सड़क तालाब जैसी नजर आई। काकादेव, गोविंद नगर, कल्याणपुर, बर्रा, साकेतनगर, चावला मार्केट और ताड़बगिया समेत कई इलाकों में पानी भर गया। साकेतनगर में जलभराव के बीच एक ऑटो खराब हो गया, जबकि काकादेव में कई वाहन पानी में फंस गए।कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बाहर भी जलभराव से यात्रियों को परेशानी हुई। स्टेशन के बाहर सड़क पर पानी भरने के कारण यात्रियों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। रेलवे ट्रैक पर भी पानी भरने की स्थिति सामने आई।पी रोड स्थित गोपाल टॉकीज चौराहे के पास सड़क धंसने से सीमेंट लदा एक लोडर फंस गया। वहीं, अपर श्रमायुक्त कार्यालय भी जलमग्न हो गया।लगातार बारिश का असर गंगा के जलस्तर पर भी दिखाई दिया। कानपुर गंगा बैराज पर जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर गया। प्रशासन और संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गरज-चमक के साथ बारिश का दौर अभी एक-दो दिन और जारी रहने की संभावना है। शहरवासियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।