news-details

मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात

You can share this post!

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। कुछ ही घंटों की बारिश के बाद शहर के 55 से अधिक स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खेरिया मोड़, अलबतिया रोड, बिजलीघर, राजपुर चुंगी और रामबाग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया। बारिश रुकने के कई घंटे बाद भी पानी सड़कों से नहीं निकल सका। केदार नगर और आवास विकास क्षेत्र में दुकानों और मकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। जलनिकासी व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण लोग घंटों तक घरों में कैद रहने को मजबूर रहे, जबकि बाजारों और मुख्य मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहा।बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में सड़कें और फुटपाथ भी धंस गए। आवास विकास सेक्टर-4 में फुटपाथ का हिस्सा धंसने से ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गड्ढे में समा गई, जबकि इंदिरापुरम और राजपुर चुंगी क्षेत्र में सड़क धंसने से कार और ट्रक फंस गए। छीपीटोला क्षेत्र में एक मकान का हिस्सा भी गिर गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर, दीवानी परिसर और कंज्यूमर फोरम के अंदर तक पानी भर गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जलनिकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। लगातार जलभराव और धंसती सड़कों ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों ने प्रशासन से स्थायी समाधान और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।