
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। जानकीपुरम क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन लूटने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई दो टूटी हुई चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के मुताबिक 21 जून को जानकीपुरम सेक्टर-एफ निवासी रश्मि भटनागर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 7 बजे वह अपने पति के साथ उषा वाटिका पार्क के पास टहल रही थीं। तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन लूट ली और फरार हो गए।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सीडीआरआई रोड से आरोपी राजपाल उर्फ दीपक कुमार (29) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है और वर्तमान में बीकेटी क्षेत्र में किराए पर रहकर पेंटिंग का काम करता है।पूछताछ में आरोपी ने जानकीपुरम की वारदात कबूल कर ली। जांच में सामने आया कि उसने करीब 15 दिन पहले बीकेटी क्षेत्र में भी चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने उस मामले में लूटी गई एक टूटी हुई चेन भी बरामद कर ली है।आरोपी ने बताया कि महंगे शौक पूरे करने के लिए वह चेन स्नेचिंग की घटनाएं कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।