news-details

'मेरी बेटी को फिर छेड़ा तो गोली मार दूंगा'....

You can share this post!


10 साल की बच्ची ने लगाई न्याय की गुहा

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बेटी के साथ लगातार हो रही छेड़छाड़ से आक्रोशित पिता ने आरोपी युवक के पिता पर तमंचा तानकर दोबारा ऐसी हरकत होने पर गोली मारने की धमकी दे दी। मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि पुलिस किशोरी के पिता की तलाश कर रही है। मंगलवार को यह मामला तब सामने आया जब किशोरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में किशोरी ने आरोप लगाया कि उसके घर के सामने रहने वाला युवक लंबे समय से उसका पीछा करता है। वह घर से बाहर निकलने पर अपनी छत से अश्लील और आपत्तिजनक इशारे करता है, सीटी बजाकर परेशान करता है और साइकिल चलाने जाने पर उसे रोकने व पकड़ने की कोशिश करता है। किशोरी ने कहा कि वह युवक की हरकतों से काफी भयभीत है।किशोरी के पिता ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रशासन से बेटी को न्याय और सुरक्षा दिलाने की मांग की। उन्होंने लिखा कि घटना के बाद केवल संवेदना जताने या मोमबत्तियां जलाने से बेहतर है कि समय रहते पीड़ित बच्ची की आवाज सुनी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष प्रभावशाली है और शिकायत करने पर परिवार को धमकियां मिल रही हैं।मामले के बीच 27 जून का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में किशोरी के पिता आरोपी के घर पहुंचकर उसके पिता के सिर पर तमंचा तानते दिखाई दे रहे हैं। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए पिता ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में उनकी बेटी के साथ दोबारा ऐसी घटना हुई तो वह आरोपी को नहीं छोड़ेंगे।घटना के बाद बर्रा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किशोरी की शिकायत की भी गंभीरता से जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।