
Pardarshi Vikas News Etawah
यमुना तट स्थित मां पीतांबरा धाम मंदिर में माता बगलामुखी का अवतरण दिवस श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और माता के दरबार में भव्य फूल बंगला सजाकर विशेष श्रृंगार किया गया। छप्पन भोग अर्पित होने के साथ पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा।
सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे। प्राचीन ग्यारह रूद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मंदिर के पुजारी पंडित अजय दुबे और पंडित कार्तिकेय दुबे ने विधि-विधान से पूजन कर माता का विशेष श्रृंगार कराया। फूलों से सजे बंगले में माता को विराजमान कर छप्पन भोग अर्पित किया गया। माता को पीला रंग प्रिय होने के कारण श्रद्धालुओं ने पीले फूल और पीले प्रसाद अर्पित कर आस्था जताई।
शाम को महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद “एक शाम मां पीतांबरा के नाम” भजन संध्या आयोजित की गई। भजन गायकों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
पुजारियों के अनुसार वैशाख शुक्ल पक्ष की अष्टमी को माता बगलामुखी का अवतरण हुआ था। माता को दस महाविद्याओं में आठवीं महाविद्या माना जाता है और वे भक्तों के संकट दूर करने वाली देवी मानी जाती हैं।