news-details

मिनी स्टेडियम निर्माण में देरी पर डीएम सख्त, अफसरों को फटकार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Agra

 नवागत जिलाधिकारी मनीष बंसल ने माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों में देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने विभागीय प्रेजेंटेशन दिया, जिसमें जिले में संचालित राजकीय, सहायता प्राप्त, संस्कृत और वित्तविहीन विद्यालयों की जानकारी प्रस्तुत की गई।

समीक्षा के दौरान डीएम ने विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों जैसे बाउंड्रीवाल, पेयजल व्यवस्था, प्रयोगशालाएं, अतिरिक्त कक्ष, पुस्तकालय और शौचालय निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पाया कि 25 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए दूसरी किस्त जारी होने के बावजूद काम अधूरा है, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और कड़ी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज शाहगंज में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम निर्माण का मुद्दा भी उठा। लगभग 492 लाख रुपये की परियोजना के लिए पहली किस्त जारी होने के बावजूद कार्य शुरू न होने पर डीएम ने गंभीर असंतोष जताया। उन्होंने तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के आदेश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को अगली बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए। बैठक में शिक्षा विभाग की अन्य योजनाओं और निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।