
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। चिनहट क्षेत्र के कंचनपुर मटियारी में 23 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय सामने आई जब उसका पति देर रात काम से घर लौटा और पत्नी को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका देखा। मृतका की पहचान मोनिका मिश्रा के रूप में हुई है। उनके पति आशुतोष तिवारी जोमैटो में डिलीवरी बॉय हैं। आशुतोष के अनुसार वह बुधवार देर रात करीब एक बजे घर पहुंचे तो पत्नी फंदे से लटकी मिली। उन्होंने तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दंपती की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी और उनकी आठ माह की एक बेटी है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच कर रही है।