
pardarshi vikas news kanpur
शहर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय पिता ने अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी शशि रंजन मिश्रा ने सुबह करीब 4:30 बजे डायल 112 पर फोन कर कहा कि उसने अपनी बेटियों को मार डाला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे खुलवाने पर पत्नी रेशमा छेत्री सामने आईं। पुलिस की बात सुनकर वह घबरा गईं और कमरे में पहुंचीं, जहां दोनों बच्चियों रिद्धी और सिद्धी के खून से लथपथ शव फर्श पर पड़े थे। आरोपी पिता पास ही बैठा मिला, जिसे पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस को खून से सना चाकू बरामद हुआ है। फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि बच्चियों का गला रेतकर हत्या की गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, वारदात के दौरान बच्चियां चीख तक नहीं पाईं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने पहले उन्हें काबू किया या संभवतः कोई नशीला पदार्थ दिया हो। आरोपी शशि रंजन मिश्रा एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्यरत है और किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहता था। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे थे। मृतक जुड़वा बेटियां पास के स्कूल में कक्षा 5 की छात्राएं थीं, जबकि बेटा यूकेजी में पढ़ता है। पत्नी रेशमा ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पति अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था और उस पर शक करता था। घर में कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे और वह लगातार निगरानी रखता था। रेशमा के अनुसार, आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ समय से असामान्य हो गया था और वह मानसिक तनाव में रहता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी मां की मृत्यु के बाद से अवसाद में था और कई बार खुद की मौत की बात करता था। उसने यह भी कहा था कि वह अपनी बेटियों को साथ लेकर जाएगा। हालांकि, बेटियों की हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस इस मामले को मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद और संदेह की स्थिति से जोड़कर जांच कर रही है। कमरे से बड़ी मात्रा में दवाएं भी बरामद हुई हैं, जिससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी किसी इलाज के अधीन था या नहीं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
रविवार तड़के 4.30 बजे 112 नंबर पर आरोपी ने खुद कॉल करके बेटियों की हत्या की सूचना दी। पुलिस जब फ्लैट पर पहुंची तो दोनों बेटियों रिद्धी, सिद्धी का शव फर्श पर अगल-बगल पड़ा था। पूरे कमरे में खून फैला था। पास में चाकू पड़ा था।-डीसीपी (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी
शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और शुरू में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में पति का व्यवहार बदल गया। वह अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था और उस पर शक करता रहता था। घर में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे और उसे आज़ादी से रहने नहीं देता था। पति मानसिक तनाव में रहता था और कई बार खुद के साथ बेटियों को भी खत्म करने की बात करता था। घटना की रात सब सामान्य था, लेकिन सुबह पुलिस के आने पर ही उसे इस भयानक घटना की जानकारी हुई।-पत्नी रेशमा