news-details

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव के दक्षिण मोहल्ले में शनिवार शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।घायल की पहचान अनिल प्रसाद (41) पुत्र नगीना प्रसाद, निवासी सोहरौना दक्षिण मोहल्ला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव के ही एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी अनिल के घर पहुंच गया। उस समय अनिल अपने बेटे के साथ घर पर बैठे थे। आरोपी ने दोबारा विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में अनिल के पेट पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजनों का कहना है कि घटना के दौरान घर में मौजूद महिलाओं और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर अनिल की जान बचाई। लोगों के विरोध के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल रामकृष यादव, कांस्टेबल अंबिका, कांस्टेबल श्रीपाल और हेड कांस्टेबल प्रेम यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल अनिल को उनके भाई पन्नेलाल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा भिजवाया।सीएचसी तुर्कहा के चिकित्सक डॉ. श्याम गुप्ता ने बताया कि घायल के पेट पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान हैं। उनकी हालत का इलाज किया जा रहा है और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल दी जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी की तलाश जारी है।