पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के माघी विशुनपुरा गांव में सोमवार को मामूली कहासुनी को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। किसी के सिर तो किसी के हाथ में चोट लगने की बात बताई जा रही है।बताया गया कि किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हाथापाई होने लगी। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।मारपीट के बाद दोनों पक्ष रविंद्रनगर धूस थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। इंस्पेक्टर लक्ष्मण निषाद ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।