
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा ने लखनऊ में योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कुशीनगर जनपद से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने फाजिलनगर नगर पंचायत के जर्जर विद्युत उपकेंद्र के जीर्णोद्धार, दुदही में कोल्ड स्टोरेज शीतगृह की स्थापना तथा मदरसे में नियुक्ति अनियमितता की जांच में कथित लापरवाही का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।फूलबदन कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में बताया कि फाजिलनगर नगर पंचायत में स्थापित विद्युत उपकेंद्र काफी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने जनहित को देखते हुए उपकेंद्र के शीघ्र जीर्णोद्धार की मांग की।इसके अलावा उन्होंने फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के दुदही नगर पंचायत में कोल्ड स्टोरेज शीतगृह स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र कृषि प्रधान है, जहां केला, आलू, प्याज सहित अन्य फसलों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज बनने से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और फसलों के खराब होने से होने वाले नुकसान में कमी आएगी।मुलाकात के दौरान उन्होंने हाटा के पूर्व भाजपा विधायक मोहन वर्मा द्वारा पूर्व में उठाए गए मदरसा तेगिया शरिफिया नूरूल उलूम शाहपुर कुशीनगर में सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति में अनियमितता के मामले का भी उल्लेख किया। आरोप है कि जांच में शिकायत सही पाए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले में लीपापोती की जा रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में जांच कर उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।