news-details

मां कूष्मांडा देवी मंदिर में नवरात्रि की तैयारियां पूरी

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  घाटमपुर। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां कूष्मांडा देवी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार दोपहर एसीपी कृष्णकांत और एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कानपुर-सागर हाईवे पर घाटमपुर नगर में स्थित मां कूष्मांडा देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। रविवार को नवरात्रि के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है, जबकि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर की निगरानी की जाएगी। नवरात्रि के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और दर्शन-पूजन के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचाना है। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।