
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-3 में रविवार को घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मां के साथ मारपीट का विरोध करने पर बड़े भाई ने छोटे भाई की घरेलू गैस सिलेंडर से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय आर्यन मिश्रा के रूप में हुई है, जो एक बीज भंडार में काम करता था। वहीं आरोपी बड़ा भाई 24 वर्षीय अभिषेक मिश्रा बताया जा रहा है।परिजनों के अनुसार अभिषेक नशे का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। रविवार सुबह भी उसका परिवार के लोगों से झगड़ा हुआ था। दोपहर में उसने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। मां को बचाने और विरोध करने पर आर्यन और अभिषेक के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।आरोप है कि अभिषेक ने घरेलू गैस सिलेंडर उठाकर आर्यन के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी ने घायल भाई को घसीटकर सड़क तक ले गया और लोगों के सामने हत्या करने की बात कहने लगा।शोर सुनकर पहुंचे परिजन और स्थानीय लोगों ने आर्यन को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। घर से लेकर सड़क तक खून के निशान मिले, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।