news-details

मैं जिंदा लाश बन गई हूं…

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां CBSE 10वीं की एक छात्रा ने बोर्ड रिजल्ट आने के महज 24 घंटे बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार, रतनपुर शिवालिका भवन निवासी 16 वर्षीय वैशाली सिंह केंद्रीय विद्यालय–1 (अर्मापुर) की छात्रा थी। बुधवार को जारी CBSE 10वीं के रिजल्ट में उसे 92 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए थे। इसके बावजूद गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे उसने अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम जब मां काजल ने उसे फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद मां ने बेटे प्रिंस को कमरे में भेजा, जहां जाकर उसने बहन को फंदे से लटका देखा। आनन-फानन में परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पनकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने छात्रा का मोबाइल भी कब्जे में लिया है, जिसमें जांच के दौरान कुछ वॉयस रिकॉर्डिंग मिली हैं। बताया जा रहा है कि ये रिकॉर्डिंग उसने अपनी सहेलियों को भेजी थीं, जिनमें वह भावुक बातें कर रही थी और मानसिक तनाव की बात भी सामने आई है।परिजनों का कहना है कि वैशाली पिता की मृत्यु के बाद से पहले ही मानसिक रूप से दबाव में थी। पिता वीरेंद्र सिंह की दो साल पहले मौत हो चुकी है, जिसके बाद मां काजल एक कपड़े के शोरूम में काम करके परिवार का खर्च संभाल रही थीं। परिवार में मां और भाई ही रह गए थे।छात्रा के भाई प्रिंस ने आरोप लगाया कि स्कूल के कुछ शिक्षकों द्वारा उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। उसका कहना है कि शिक्षकों द्वारा लगातार तुलना और तानों के कारण वैशाली तनाव में रहने लगी थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।परिवार के अनुसार, वैशाली पहले पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर हो गई थी और वह शिक्षकों को अपने प्रदर्शन से जवाब देना चाहती थी। हाल ही में टेस्ट परीक्षाओं में उसके अच्छे अंक भी आने लगे थे, लेकिन मानसिक तनाव लगातार बढ़ता गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्रा की मौत से स्कूल और आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।


BDS छात्रा ने हॉस्टल में की आत्महत्या
मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में BDS फाइनल ईयर की छात्रा नाजिया हसन (23) ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से कॉलेज और हॉस्टल परिसर में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के मुंगेर निवासी छात्रा गूबा गार्डन स्थित हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुधवार शाम जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो सहपाठी छात्राओं ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के अनुसार, एक दिन पहले ही छात्रा की पिता से बातचीत हुई थी, जिसमें सब कुछ सामान्य था। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हॉस्टल व कॉलेज प्रशासन से भी पूछताछ की जा रही है।