
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। जनपद में आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के मद्देनजर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने संयुक्त रूप से पडरौना कोतवाली थाने के मिश्रौली पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बडहरागंज स्थित कर्बला एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण एवं भ्रमण कर पर्व को शांति पूर्वक मनाने की अपील की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मोहर्रम से संबंधित व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा जुलूस मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर उन्हें प्रशासन की ओर से पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आमजन से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। जनपद प्रशासन द्वारा मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।