
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना कसया परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।बैठक में थानाध्यक्ष, पीस कमेटी के सदस्य, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान मोहर्रम के अवसर पर शांति, भाईचारा, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।क्षेत्राधिकारी कसया ने कहा कि मोहर्रम एक आस्था और अनुशासन का पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।बैठक में मौजूद सभी लोगों ने आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अफवाह फैलाने, उकसावे या शांति भंग करने के प्रयास को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जनपद पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सभी धर्मों के प्रति पूर्ण सम्मान और निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए मोहर्रम के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मोहर्रम का पर्व शांति, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या असामाजिक तत्व की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर दें।