news-details

मंगूरी पट्टी में बुजुर्ग की मौत से तनाव

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर के चौरा खास थाना क्षेत्र के मंगूरी पट्टी गांव में 9 जून की रात हुई एक घटना के बाद 65 वर्षीय बुजुर्ग रामभजन गिरी की मौत से इलाके में तनाव का माहौल है। घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आने के बीच पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।मृतक रामभजन गिरी पुत्र स्वर्गीय हरिहर गिरी, थाना तमकुहीराज क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव के निवासी थे। परिजनों का आरोप है कि यज्ञ स्थल पर लगे बैनर को फाड़ने का विरोध करने पर दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हालांकि दूसरे पक्ष का दावा है कि रामभजन गिरी की मौत मारपीट से नहीं, बल्कि करंट लगने के कारण हुई है। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा फैल गई कि विवाद यज्ञ से संबंधित पोस्टर फाड़ने को लेकर हुआ था।इस संबंध में कुशीनगर पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि ग्राम मंगूरीपट्टी निवासी साहिल पुत्र इब्राहिम और एक अन्य व्यक्ति बिजली के खंभे पर लगे विज्ञापन पोस्टर फाड़ रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कुछ लोगों द्वारा इसे यज्ञ संबंधी पोस्टर बताकर अफवाह फैलाई जा रही है, जिसका खंडन किया जाता है।पुलिस के अनुसार रामभजन गिरी की मृत्यु के संबंध में प्रथम दृष्टया शरीर पर कोई जाहिरा चोट दिखाई नहीं दे रही है। मृत्यु के सही कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर गांव में तीन थानों की पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। लगातार गश्त की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।ग्रामीणों के अनुसार रामभजन गिरी अपने परिवार के मुखिया थे। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें एक विदेश में कार्यरत है, दूसरा लखनऊ में नौकरी करता है, जबकि तीसरा गांव में उनके साथ किराना दुकान चलाता था। परिवार की अधिकांश जिम्मेदारियां उन्हीं पर थीं।वहीं जिस युवक पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसे भी ग्रामीण उसके परिवार का इकलौता बेटा बताते हैं। वह मृतक की दुकान के पास अंडा, चिकन और आटा चक्की का व्यवसाय करता है। घटना के बाद उसके परिवार में भी चिंता और तनाव का माहौल है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मौत मारपीट से हुई, करंट लगने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।