
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शनिवार को नमामि गंगे की ओर से सिंधिया घाट पर विशेष आरती एवं दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान गंगा के जलस्तर में कमी आने और बाढ़ का संकट टलने के लिए मां गंगा से प्रार्थना की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने किया।महर्षि वेद विज्ञान विश्व विद्यापीठम के वेदपाठी बटुकों ने उपस्थित नागरिकों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार किया। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों ने गंगाष्टकम का पाठ कर मां गंगा से जलस्तर को और न बढ़ने की प्रार्थना की। नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने द्वादश ज्योतिर्लिंग का पाठ कर देवाधिदेव महादेव से भी गंगा के जलस्तर में कमी की कामना की।राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने से तटवर्ती क्षेत्रों में चिंता बढ़ी है। इसी को देखते हुए आरती और दुग्धाभिषेक कर मां गंगा से प्रार्थना की गई कि जलस्तर अब और न बढ़े, जिससे बाढ़ का संकट टले और तटवर्ती इलाकों के लोग सुरक्षित रहें।उन्होंने कहा कि सभी की कामना है कि जनजीवन सामान्य रहे और किसी प्रकार की जनहानि न हो। कार्यक्रम में रिया श्रीवास्तव, सारिका श्रीवास्तव, आशुतोष मिश्रा, प्रियांशु शुक्ला समेत कई लोग मौजूद रहे।