news-details

मंडलायुक्त का जसपुरा सीएचसी पर औचक निरीक्षण

You can share this post!



पारदर्शी विकास न्यूज़ पैलानी/बांदा। बुंदेलखंड में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए मंडलायुक्त अजीत कुमार शनिवार को अचानक जसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।मंडलायुक्त ने अस्पताल में पेयजल,हीटवेव वार्ड,साफ-सफाई,दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में लगे वाटर कूलर की व्यवस्था देखी, जो सही मिली।इसके बाद हीटवेव रूम का निरीक्षण किया, जहां कक्ष ठंडा पाया गया।मंडलायुक्त ने ओपीडी रजिस्टर और डिलीवरी रजिस्टर की भी जांच की।मौके पर ओपीडी में 107 मरीज दर्ज मिले।उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और दवा ले रहे लोगों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।साफ-सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. पवन पटेल को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त कूलर लगाए जाएं और मरीजों व तीमारदारों के लिए छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि अस्पताल में जरूरी दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।प्रसव कराने वाली महिलाओं को 48 घंटे तक अस्पताल में निगरानी के बाद ही छुट्टी दी जाए।उन्होंने अस्पताल स्टाफ की मौजूदगी और कार्यप्रणाली की भी जानकारी ली।मंडलायुक्त ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि हीटवेव को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।यदि व्यवस्थाओं में कमी या शिकायत मिली तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पैलानी अंकित वर्मा भी मौजूद रहे।