
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के बेलामऊ भीमसेन रोड स्थित मेडिकल वेस्ट निस्तारण करने वाली कंपनी एमपीसीसी में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे प्लांट और गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरा प्लांट आग के गोले में तब्दील हो गया और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी दिखाते हुए एक के बाद एक आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा।सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि फायर ब्रिगेड को सुबह 11:48 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मात्र 15 मिनट के भीतर दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग बुझाने के लिए करीब 35 फायर कर्मियों को लगाया गया है।पिछले चार घंटे से लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है, लेकिन पूरी तरह से बुझाया नहीं जा सका है। फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर डटे हुए हैं और लगातार कूलिंग का काम जारी है।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।