
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुशीनगर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मोडिफाइड साइलेंसर, अवैध हॉर्न और हूटर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा 12 मार्च से 16 अगस्त 2026 तक चलाए गए अभियान में कुल 152 वाहनों के चालान किए गए और 11.51 लाख रुपये शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।पुलिस के अनुसार, मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ 111 चालान किए गए। इनसे 11.10 लाख रुपये शमन शुल्क अधिरोपित किया गया, जबकि कार्रवाई के दौरान 61 मोडिफाइड साइलेंसर उतरवाए गए।इसी क्रम में अवैध हॉर्न और हूटर के इस्तेमाल पर भी यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान 41 चालान किए गए और 41 हजार रुपये शमन शुल्क लगाया गया। साथ ही 20 अवैध हॉर्न/हूटर वाहनों से उतरवाए गए।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अनधिकृत मॉडिफिकेशन न कराएं और अवैध हूटर व प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें। ऐसे उपकरण न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर ध्वनि प्रदूषण और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा सकते हैं।कुशीनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।