news-details

मिड-डे मील में बड़ा खेल!

You can share this post!

 

रजिस्टर में बंटा दूध, बच्चों तक नहीं पहुंचा...

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। चौबेपुर ब्लॉक के विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना के तहत दूध वितरण में अनियमितता मिलने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक विद्यालय में बच्चों को दूध वितरित किए बिना केवल रजिस्टर में प्रतिदिन दूध वितरण की एंट्री किए जाने का मामला सामने आया। इस पर संबंधित प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा चार अन्य विद्यालयों में निर्धारित मात्रा से कम दूध वितरित किए जाने की पुष्टि होने पर दो प्रधानाध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई, एक की वेतनवृद्धि रोक दी गई, जबकि एक अन्य प्रधानाध्यापक को कठोर चेतावनी जारी की गई।नियमों के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक के प्रत्येक छात्र को 150 मिलीलीटर तथा कक्षा 6 से 8 तक के प्रत्येक छात्र को 200 मिलीलीटर दूध दिया जाना अनिवार्य है। जांच में इन मानकों का पालन नहीं पाया गया।बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में संबंधित प्रधानाध्यापकों की लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालयों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा और मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं वितरण की नियमित निगरानी की जाएगी। वहीं, एक प्रधानाध्यापक ने प्रति छात्र मिलने वाली कन्वर्जन राशि को अपर्याप्त बताते हुए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।